रुड़की: मंगलौर क्षेत्र में कथित गौकशी के मामले को लेकर हिन्दू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलौर चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट से मुलाकात कर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को देर रात गौकशी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में करीब दो कुंतल संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
हिन्दू जागरण मंच का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मांस कटान की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अधिकृत स्लॉटर हाउस की बजाय अवैध रूप से घरों में ही मांस कटान कर रहे हैं और कथित तौर पर फर्जी बिलों के जरिए इसकी बिक्री की जा रही है।
संगठन ने पुलिस से मांग की कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर इसमें शामिल लोगों की पहचान की जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित जांच अभियान चलाने की भी मांग की गई।
मंगलौर चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने कहा कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।