वन विभाग की मुस्तैदी से घर में घुसे मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू

रुड़की: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के डौसनी गांव में शनिवार सुबह उस समय लोगों की सांसें थम गईं, जब एक मगरमच्छ अचानक एक मकान के अंदर घुस गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मगरमच्छ के घर में होने की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों ने सतर्कता दिखाई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। घटना गांव निवासी मदनपाल के घर की बताई जा रही है।

लक्सर वन विभाग की रेस्क्यू टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। राहत की बात रही कि इस दौरान कोई भी घायल नहीं हुआ।

रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने बताया कि मानसून के दौरान ऐसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है क्योंकि जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *