रुड़की: उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड खत्म होने के बाद अब मदरसों को शिक्षा विभाग के माध्यम से मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार का उद्देश्य सभी मदरसों को निर्धारित शैक्षणिक मानकों के तहत औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना है।
हरिद्वार जिले में 250 से अधिक मदरसे संचालित हो रहे हैं। जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार अब तक 26 मदरसों ने मान्यता के लिए आवेदन किया है। वहीं अन्य मदरसों की फाइलें भी लगातार विभाग को प्राप्त हो रही हैं।
शिक्षा विभाग सभी आवेदनों की चरणबद्ध तरीके से जांच करेगा। जिन संस्थानों के दस्तावेज और आधारभूत सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होंगी, उन्हें विभाग की ओर से मान्यता प्रदान की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जमा करने के लिए अभी कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि विभाग चाहता है कि जल्द से जल्द सभी मदरसे आवेदन कर इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से मदरसों में शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को भी मान्यता प्राप्त संस्थानों में पढ़ाई का लाभ मिलेगा।