खटीमा में गोपाल बोरा का भव्य अभिनंदन, दूसरी बार निर्विरोध टीवीएस अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह

खटीमा: तराई विकास संघ (टीवीएस) के अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा के सम्मान में खटीमा में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, मिष्ठान वितरण और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।

गोपाल बोरा के स्वागत के बाद मुख्य चौक से शहीद स्मारक तक विजय जुलूस निकाला गया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

शहीद स्मारक पहुंचकर गोपाल बोरा ने उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी यह जीत राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित है। उन्होंने संगठन द्वारा जताए गए विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता दान सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा का संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि गोपाल बोरा का लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुना जाना संगठन की मजबूत कार्यशैली और जनता के विश्वास को दर्शाता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, युवा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *