कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोटद्वार में वीर सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल की नई पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
अपने संबोधन में गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के अधिकांश परिवार किसी न किसी रूप में सेना से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि देशभक्ति यहां के लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य के हजारों जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सैनिकों के सम्मान के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। वहीं राज्य सरकार ने भी शहीदों के परिवारों को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं देकर उनके जीवन को सुरक्षित बनाने का प्रयास किया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भविष्य में भी नई योजनाएं लागू की जाएंगी। कार्यक्रम का समापन वीर सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रगान के साथ हुआ।