रुड़की: हरिद्वार के रुड़की स्थित शास्त्री नगर में रविवार शाम दो बाइक सवार युवकों की हरकत से इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने तमंचा लहराकर लोगों को धमकाया। कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग का दावा भी किया है, लेकिन पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। संबंधित युवक का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था और कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी सीधे युवक के घर पहुंचे और वहां तमंचा लहराकर डराने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।