हरिद्वार: कनखल से अगवा की गई तीन साल की मासूम बच्ची की तलाश में जुटी हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने तक चली जांच और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बच्चा चोरी और तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। इस मामले में दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 6 मई को बैरागी कैंप क्षेत्र से एक बच्ची के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन दिल्ली में मिली।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह बच्चों का अपहरण कर उन्हें निसंतान दंपतियों को बेचता था। गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड तक फैला हुआ था। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कनखल से अगवा की गई बच्ची के साथ-साथ दिल्ली से चोरी किए गए एक वर्षीय बच्चे को भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह में हर सदस्य की अलग भूमिका तय थी। कोई बच्चों की रेकी करता था, कोई अपहरण को अंजाम देता था, जबकि अन्य सदस्य ग्राहकों की तलाश और सौदेबाजी का काम करते थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।