रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में अवैध खनन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। सोलानी नदी से दिनदहाड़े रेत का अवैध खनन खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोलानी नदी से निकाली जा रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शहर के प्रमुख मार्गों से बिना किसी डर के गुजर रही हैं। ये वाहन रामपुर चुंगी, ईदगाह चौक, वैशाली मंडप, आजाद नगर चौक और रामनगर चौक जैसे व्यस्त इलाकों से लगातार आते-जाते देखे जा सकते हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन मार्गों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी के बावजूद अवैध खनन में लगे वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
पहले जहां अवैध खनन रात के अंधेरे में होता था, अब यह काम दिन के उजाले में भी खुलेआम किया जा रहा है। इससे साफ है कि खनन माफिया बेखौफ होकर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
ओवरलोड और तेज रफ्तार से दौड़ती ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इससे आम लोगों की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन और पुलिस सख्ती दिखाएं, तो कुछ ही घंटों में इस अवैध नेटवर्क पर लगाम लगाई जा सकती है। लेकिन फिलहाल कार्रवाई के अभाव में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
वहीं, इस मामले पर जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा है कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।