नारायणबगड़ बहुउद्देश्यीय शिविर में जनता की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान

चमोली: जिले के नारायणबगड़ विकासखंड सभागार में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर एवं तहसील दिवस में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, नगरपालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने रखा।

कुल 127 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। प्रशासन ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

ग्रामीणों ने विशेष रूप से पीएमजीएसवाई, एनपीसीसी और लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की। इसके अलावा बिजली और पेयजल आपूर्ति में सुधार की मांग भी प्रमुख रूप से उठी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों तक प्रशासनिक सेवाओं को उनके क्षेत्र में ही प्रभावी ढंग से पहुंचाना है और ऐसे जनसुनवाई कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *