लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं के शव जंगल से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या करने के बाद शवों को गड्ढे में दबाया गया।
पुलिस को घटना की जानकारी मंदिर के एक सेवादार से मिली। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान जंगल में खुदाई कराई गई और दोनों शव बरामद किए गए।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने जांच की निगरानी की। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी पर शक जताया जा रहा है। घटना के बाद से उसके लापता होने के कारण पुलिस की जांच उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा। सभी तथ्यों की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।