देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। लगातार वर्षा के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि कई मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें और आवश्यकता पड़ने पर यात्रा स्थगित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब ढाई करोड़ श्रद्धालु सुरक्षित रूप से मां गंगा का जल लेकर अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हैं।