चुनाव से पहले सड़क दो, नहीं तो वोट नहीं: ऐरठा गांव के ग्रामीणों का अल्टीमेटम

देवाल (चमोली): चमोली जिले के ऐरठा गांव में लगातार बारिश के कारण मुख्य पैदल मार्ग बंद होने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कनबनी तोक में पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने के कारण गांव तक पहुंचने वाला रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब देवसारी गांव के रास्ते 10 किलोमीटर अतिरिक्त पैदल चलना पड़ रहा है। इससे दैनिक जीवन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जोखिम लगातार बढ़ता जा रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि वर्षों से लंबित ऐरठा-ऑर्डर-लिंगड़ी-कफलखेत मोटरमार्ग का सर्वे पूरा होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। यदि सड़क का निर्माण समय पर हो जाता तो गांव की यह स्थिति नहीं होती।

हाल ही में मलबा गिरने के दौरान ओम राम टम्टा घायल हो गए। ऐरठा गांव में करीब 300 की आबादी निवास करती है और अधिकांश लोग सड़क सुविधा के अभाव में हर साल कठिनाइयों का सामना करते हैं।

ग्राम प्रधान प्रेमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खिमुली देवी और अन्य ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे और 2027 विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का भी फैसला ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *