रुड़की: झबरेड़ा में आयोजित होने वाला रोजगार मेला रद्द होने के बाद युवाओं का गुस्सा खुलकर सामने आया। रोजगार की आस लेकर पहुंचे हजारों युवाओं ने आयोजन स्थल पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
बताया गया कि रोजगार मेले में लगभग 40 कंपनियां भाग लेने वाली थीं। इस आयोजन को लेकर युवाओं में काफी उत्साह था, क्योंकि उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार मिलने की उम्मीद थी।
मेला रद्द होने के बाद प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने बारिश का बहाना बनाकर कार्यक्रम निरस्त कर दिया। उनका कहना था कि यह फैसला बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों पर सीधा प्रहार है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस रोजगार मेले से झबरेड़ा समेत आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के युवाओं को लाभ मिलने वाला था। लेकिन अचानक लिए गए फैसले से हजारों उम्मीदवारों को निराशा हाथ लगी।
युवाओं ने सरकार से रोजगार मेला दोबारा आयोजित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि रोजगार के मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं हुई तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब जनता देगी।